
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में थाना अहरौला पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और करीब 19 वर्षीय युवती को सकुशल बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि युवती को नौकरी दिलाने और शादी का झांसा देकर जाल में फंसाया गया था। इसके बाद अलग-अलग एजेंटों के माध्यम से उसकी खरीद-फरोख्त की गई और करीब एक लाख रुपये में बेच दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामला 18 मार्च 2026 का है। अहरौला थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी करीब 18 वर्षीय बेटी के घर से बिना बताए चले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मानव तस्करी, सामूहिक अपराध और अनैतिक देह व्यापार से संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गईं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने जांच के दौरान पश्चिम बंगाल तक फैले गिरोह का सुराग लगाया। इसके बाद 18 नवंबर 2026 को पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले के गोवालपोखर थाना क्षेत्र स्थित पारा पंजीपाड़ा में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी सुरेश राम, पूर्वी चंपारण निवासी महेश कुमार और पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर निवासी मुहम्मद अली के रूप में हुई है।
प्रेमजाल और नौकरी का झांसा देकर फंसाते थे युवतियां
पुलिस पूछताछ और पीड़िता के बयान के अनुसार, गिरोह के सदस्य रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और मंदिरों के आसपास ऐसी लड़कियों को निशाना बनाते थे, जो घर से भागी हुई होती थीं या किसी परेशानी में रहती थीं। उन्हें नौकरी और कंपनी में काम दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया जाता था।
इस मामले में पश्चिम बंगाल निवासी शिवा मंडल ने करीब दो महीने तक फोन पर युवती से बातचीत कर उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर गोरखपुर रेलवे स्टेशन बुलाया। इसके बाद वहां पहुंची युवती की मुलाकात सितारा खातून, उसके पति अभिषेक राज और गफ्फार मियां से हुई। इन लोगों ने काम दिलाने का भरोसा देकर उसे बिहार के पूर्णिया पहुंचा दिया।
पूर्णिया में युवती को महेश कुमार और सुरेश राम के हवाले किया गया। दोनों उसे सरिता नाम की महिला एजेंट के पास ले गए। पुलिस के अनुसार, सरिता ने युवती को पश्चिम बंगाल निवासी मुहम्मद अली के हाथों करीब एक लाख रुपये में बेच दिया। युवती को वहां तक पहुंचाने वाले दलालों को भी आठ-आठ हजार रुपये कमीशन दिए गए।
वेश्यालय में बंधक बनाकर कराया जा रहा था देह व्यापार
पीड़िता के बयान के मुताबिक, सरिता के घर पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। इसके बाद मुहम्मद अली उसे अपने वेश्यालय में ले गया, जहां बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार कराया जाने लगा। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए युवती को वहां से सकुशल मुक्त कराया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अब तक सात आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों शिवा मंडल, अभिषेक राज, उसकी पत्नी सितारा खातून और गफ्फार मियां को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। तीन नई गिरफ्तारियों के बाद अब तक इस अंतरराज्यीय मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़े कुल सात आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस टीम को मिला 25-25 हजार रुपये का इनाम
मानव तस्करी जैसे संगठित अपराध का खुलासा करने और पीड़िता को सकुशल बरामद करने वाली संयुक्त पुलिस टीम की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सराहना की। उन्होंने टीम के प्रत्येक सदस्य को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
इस कार्रवाई में थाना अहरौला के उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी, एएचटीयू के निरीक्षक अमित शर्मा, आरक्षी सुधीर प्रजापति, महिला आरक्षी रीमा कुमारी और सर्विलांस सेल के आरक्षी बसंत यादव शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा मानव तस्करी जैसे संगठित अपराधों में शामिल गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
