सोनभद्र, 20 नवंबर। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और अपात्र नामों को हटवाने के लिए सोनभद्र में चार दिन विशेष अभियान चलाया जाएगा। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी निर्धारित मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान छूटे हुए मतदाताओं, युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर रहेगा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित इन विशेष अभियान दिवसों में सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने निर्धारित बूथों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। बीएलओ के पास एकीकृत निर्वाचक नामावली और पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे, ताकि पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त किए जा सकें।
जिलाधिकारी ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो वह आवश्यक प्रपत्र भरकर आवेदन जमा कर सकता है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, प्रवासी निर्वाचक के लिए फार्म-6क, सूची से नाम हटवाने के लिए फार्म-7 तथा निवास स्थान बदलने, नाम-पते सहित अन्य प्रविष्टियों में सुधार, ईपीआईसी कार्ड बदलवाने और दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है।
जिलाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से विशेष अभियान का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम दर्ज होना जरूरी है, ताकि कोई भी नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकार यानी मतदान से वंचित न रहे।
