आजमगढ़ में तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से एक आरोपी घायल, चार गिरफ्तार

दो गाय और एक बछड़ा सकुशल बरामद, अवैध कटान में इस्तेमाल होने वाला अर्टिगा वाहन, बाइक और हथियार भी मिले

आजमगढ़। जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और पशु चोरी एवं अवैध कटान में शामिल आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। ग्राम जोलहापुर के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान एक आरोपी सालिम के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जीयनपुर पुलिस 20 नवंबर की सुबह करीब 4:20 बजे क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जोलहापुर के पास कुछ लोग प्रतिबंधित पशुओं को चोरी से पकड़कर उनका वध करने और मांस की बिक्री व परिवहन की तैयारी में हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों की ओर से दोबारा फायरिंग का प्रयास किया गया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सालिम नामक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने घायल समेत चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

दो गाय और एक बछड़ा सकुशल बरामद

पुलिस ने मौके से वध के लिए ले जाए जा रहे दो प्रतिबंधित पशुओं (गाय) और एक बछड़े को जीवित सकुशल बरामद किया। इसके अलावा एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए।

कार्रवाई के दौरान एक अर्टिगा कार, एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले चापड़, चाकू, लकड़ी के ठीहे, तराजू समेत अन्य उपकरण भी पुलिस के हाथ लगे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में सालिम पुत्र इसरार (24 वर्ष), नौशाद पुत्र खुर्शीद (53 वर्ष), सोहराब पुत्र ईसराइल (22 वर्ष) और अदनान पुत्र खालिद (18 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी जीयनपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

पूछताछ में सामने आया तरीका

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आवारा प्रतिबंधित पशुओं को चिन्हित कर चोरी से पकड़ते थे और सुनसान स्थानों पर ले जाकर उनका अवैध कटान करते थे। मांस की बिक्री और इस्तेमाल के बाद पशुओं के अवशेष नदी-नालों या सिवान में फेंकने अथवा जमीन में गाड़ने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते थे।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार नौशाद का पूर्व में भी चोरी, मारपीट और सड़क दुर्घटना से संबंधित मामलों में आपराधिक इतिहास दर्ज है।

इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह सहित जीयनपुर थाने की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में पशु चोरी और अवैध कटान के खिलाफ अभियान को बड़ी सफलता मिली है।

TOP

You cannot copy content of this page