
सुखपुरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को मिली राहत, दो किस्तों में खाते में वापस कराई गई पूरी रकम
बलिया। साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को सुखपुरा पुलिस ने राहत दिलाते हुए उसके 90 हजार रुपये वापस करा दिए। पुलिस की तत्परता से पीड़ित के खाते से धोखाधड़ी कर निकाली गई पूरी रकम वापस मिल गई।
जानकारी के अनुसार, सुखपुरा थाना क्षेत्र के भरखरा निवासी धनेश्वर प्रसाद गुप्ता पुत्र नंदलाल प्रसाद गुप्ता के बैंक खाते से 17 नवंबर 2026 को साइबर ठगों ने धोखाधड़ी कर 90 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए थे। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना सुखपुरा में दर्ज कराई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष रत्नेश कुमार दूबे के नेतृत्व में थाना सुखपुरा की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस के प्रयासों से 19 नवंबर को 40 हजार रुपये और 20 नवंबर को शेष 50 हजार रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए गए।
पूरी रकम वापस मिलने पर धनेश्वर प्रसाद गुप्ता ने बलिया पुलिस और सुखपुरा थाना पुलिस की सराहना करते हुए आभार जताया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दुर्गेश नंदन और थाना सुखपुरा की टीम शामिल रही।
