औड़ी-शक्तिनगर फोरलेन पर जानलेवा गड्ढे में फंसी बारात से लौट रही बोलेरो, टोचन कर निकाली गई गाड़ी

बीना स्टेडियम के समीप सड़क के गड्ढों से बढ़ा हादसे का खतरा, स्थानीय निवासी ने आईजीआरएस पर की शिकायत

बीना (सोनभद्र)। औड़ी-शक्तिनगर फोरलेन मार्ग पर बीना स्टेडियम के समीप सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बन गए हैं। शनिवार को बीजपुर से शादी समारोह से लौट रही एक बोलेरो सड़क के गड्ढे में फंस गई। वाहन के दोनों पहिए गड्ढे में धंसने से उसमें सवार लोगों में हड़कंप मच गया।

बोलेरो चालक अमन ने बताया कि वह बारात से लौटकर शक्तिनगर से अनपरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीना स्टेडियम के समीप सड़क पर बने गड्ढे में बोलेरो के दोनों पहिए फंस गए। स्थानीय लोगों की मदद से काफी प्रयास किया गया, लेकिन वाहन बाहर नहीं निकल सका। अंततः दूसरी गाड़ी से टोचन कर बोलेरो को बाहर निकाला गया।

चालक का कहना है कि सड़क पर बने ये गड्ढे बेहद खतरनाक हो गए हैं। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा है। वहीं स्थानीय निवासी अनिल अग्रहरि ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर संबंधित अधिकारियों से गड्ढों को जल्द भरवाने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त स्थान पर रात के समय अंधेरा भी रहता है, जिससे गड्ढे दिखाई नहीं देते। ऐसे में दोपहिया वाहन चालक गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो सकते हैं। समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग कब तक इन जानलेवा गड्ढों की मरम्मत कराता है।

TOP

You cannot copy content of this page