तीन सवारी और काली फिल्म के खिलाफ वाराणसी जोन के 9 जिलों में चला विशेष अभियान, 5.74 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला गया
वाराणसी। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत वाराणसी जोन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। 24 नवंबर को दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और चार पहिया वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने वालों के विरुद्ध संयुक्त कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने 8,025 लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया, जबकि 893 वाहनों का चालान कर 5 लाख 74 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा के मार्गदर्शन में यह अभियान जोन के सभी नौ जनपदों आजमगढ़, बलिया, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही में चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने की अपील की। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई भी की गई।
कार्रवाई के आंकड़ों में मीरजापुर परिक्षेत्र सबसे आगे रहा, जहां 2,907 लोगों को जागरूक किया गया। आजमगढ़ परिक्षेत्र में सर्वाधिक 388 वाहनों का चालान किया गया, जबकि वाराणसी परिक्षेत्र में सबसे अधिक 3 लाख 76 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी न बैठाएं और चार पहिया वाहनों के शीशों पर काली फिल्म न लगाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
