
गंगा में नावों के संचालन के लिए बनेंगी तीन अलग-अलग लेन, 8 जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया घाटों का क्षेत्र; पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
वाराणसी। देव दीपावली एवं कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए वाराणसी पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। 24 नवंबर को आयोजित होने वाले पर्व पर करीब 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के काशी पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को कमिश्नरेट वाराणसी और बाहरी जनपदों से आए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करें। श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ विनम्र व्यवहार करने तथा उन्हें मेहमान की तरह सम्मान देने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी संयम बनाए रखें और किसी भी श्रद्धालु के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत गंगा के दोनों तटों पर स्थित घाटों और प्रमुख आयोजन स्थलों को 8 जोन, 16 सेक्टर और 32 सब-सेक्टर में बांटा गया है। नदी तट पर बैरिकेडिंग के साथ 26 घाटों पर करीब 8 किलोमीटर लंबी फ्लोटिंग वाटर जेटी की व्यवस्था की गई है। प्रमुख घाटों पर वॉच टावर, DFMD, HHMD, सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और पब्लिक एड्रेस सिस्टम से निगरानी की जाएगी। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल के साथ क्यूआरटी और एंटी रोमियो स्क्वॉड की तैनाती रहेगी।
गंगा में नावों के संचालन के लिए तीन लेन
नमो घाट से अस्सी घाट तक गंगा में नावों और मोटरबोटों के संचालन को देखते हुए जल क्षेत्र को 7 सेक्टर में बांटा गया है। नावों के सुरक्षित आवागमन के लिए फ्लोटिंग वाटर जेटी की मदद से तीन अलग-अलग लेन बनाई जा रही हैं। प्रत्येक नाव और मोटरबोट पर सवार व्यक्ति के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य होगा। ओवरलोडिंग, नशे की हालत में नाव चलाने और डीजल चालित नावों के संचालन पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाएगा। चेतसिंह घाट पर फ्लोटिंग पुलिस स्टेशन स्थापित कर रेस्क्यू बोट और बचाव उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती
देव दीपावली पर होने वाली भव्य गंगा आरती, लेजर शो, ड्रोन शो और आतिशबाजी को देखते हुए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पर्व की सुरक्षा में 25 से अधिक आईपीएस, 50 से अधिक पीपीएस अधिकारियों और 3 हजार से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सीआरपीएफ, पीएसी और क्यूआरटी की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी। कार्यक्रम स्थलों पर प्रवेश और निकास के साथ आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात और पार्किंग पर रहेगी विशेष नजर
पुलिस आयुक्त ने नो-व्हीकल जोन में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रखने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े कराने के निर्देश दिए। सड़कों और गलियों में अवैध पार्किंग पर रोक लगाने के साथ डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का प्रभावी संचालन कराया जाएगा। थाना प्रभारी और यातायात पुलिस को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने को कहा गया है। उन्होंने निर्देश दिया कि लगभग 95 प्रतिशत पुलिस बल सड़कों और फील्ड में नजर आना चाहिए।
सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और ड्यूटी कार्ड अनिवार्य रूप से रखने का निर्देश दिया गया है। पुलिस आयुक्त ने यह भी कहा कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल न करें और पूरा ध्यान सुरक्षा व्यवस्था पर रखें।
अंत में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और बेहतर व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाएं, जिससे काशी आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित और सुखद अनुभव लेकर लौटें।
