
CEIR पोर्टल और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने खोज निकाले मोबाइल, वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए फोन; एसपी डॉ. ईराज राजा के निर्देशन में हुई कार्रवाई
बलिया। बलिया पुलिस ने तकनीक आधारित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस सेल और जिले के विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने CEIR पोर्टल एवं आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से 102 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। सोमवार को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी 102 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। लंबे समय से गुम मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने बलिया पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया।
इस अभियान में सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अजय साहनी के नेतृत्व में मुख्य आरक्षी रोहित कुमार, देवेंद्र कुमार सरोज, विकास श्रीवास्तव और आरक्षी विनोद रघुवंशी व मनोज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा जिले के सभी थानों में CEIR पोर्टल से संबंधित कार्यों के लिए नियुक्त पुलिसकर्मियों ने भी सहयोग किया।
अब तक 209 मोबाइल बरामद
बलिया पुलिस के अनुसार, इससे पहले 5 अक्टूबर 2026 को 107 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे गए थे, जिनकी कीमत करीब 21 लाख 40 हजार रुपये थी। वहीं, 23 नवंबर को 102 मोबाइल फोन और बरामद किए गए। इस तरह दोनों कार्रवाइयों में अब तक कुल 209 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 44 लाख 40 हजार रुपये है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी थाने में सूचना दें। साथ ही मोबाइल का IMEI नंबर और खरीद का बिल सुरक्षित रखें, ताकि फोन की बरामदगी में मदद मिल सके।
