बोलेरो में टक्कर के बाद खूनी विवाद, मिनी ट्रक से कुचलकर बुजुर्ग की हत्या, आरोपी चालक गिरफ्तार

आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र में बोलेरो और मिनी ट्रक के बीच टक्कर के बाद हुए विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। आरोप है कि मिनी ट्रक चालक ने विवाद के दौरान 60 वर्षीय बुजुर्ग पर ट्रक चढ़ा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल मिनी ट्रक भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को उदय राज यादव अपने पिता साहबराज यादव और अन्य परिजनों के साथ बोलेरो से रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान लसड़ा कला पुलिया के पास सामने से आ रहे मिनी ट्रक संख्या UP50ET9249 ने उनकी बोलेरो में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद उदय राज और उनके पिता ने चालक को रोककर पूछताछ की। आरोप है कि चालक ने ट्रक से कुचलने की धमकी देते हुए उनके ऊपर वाहन चढ़ा दिया। हादसे में साहबराज यादव (60) की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद बरदह थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे राजागंज बाजार के पास चेकिंग के दौरान आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज कुमार उर्फ साधू (24 वर्ष), निवासी खरगीपुर, थाना बरदह, आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ईंट लाल रंग का टाटा मिनी ट्रक भी कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

TOP

You cannot copy content of this page