सड़क सुरक्षा अभियान में वाराणसी जोन की बड़ी कार्रवाई, 3 दिन में 3,502 वाहनों का चालान, 32.52 लाख रुपये जुर्माना वसूला

10,662 वाहन चालकों को किया गया जागरूक, मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर, प्रेशर हॉर्न और काली फिल्म के खिलाफ भी चला अभियान

वाराणसी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए वाराणसी जोन में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। 16 से 30 नवंबर तक चल रहे इस अभियान में पिछले तीन दिनों के दौरान 10,662 वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले 3,502 वाहनों का चालान कर कुल 32 लाख 52 हजार 500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।

अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा के मार्गदर्शन में जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही, आजमगढ़, बलिया और मऊ में यह अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत 21 नवंबर को मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले 142 वाहनों, हूटर का दुरुपयोग करने वाले 34 वाहनों, अवैध सायरन वाले 15 वाहनों, प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले 100 वाहनों और शीशों पर काली फिल्म लगाने वाले 131 वाहनों का चालान किया गया।

22 नवंबर को दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 6,372 लोगों को जागरूक करते हुए 1,192 वाहनों का चालान किया गया। वहीं, बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) वाले वाहनों के मामले में 4,290 लोगों को जागरूक कर 385 वाहनों का चालान किया गया।

इसी क्रम में 23 नवंबर को नाबालिगों के वाहन चलाने पर 66, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने पर 907 और बिना वैध बीमा के वाहन चलाने पर 530 वाहनों का चालान किया गया।

अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा ने आमजन से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें। उन्होंने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने और यातायात नियमों का पूरी गंभीरता से पालन करने की अपील की।

एडीजी ने कहा कि आपकी सुरक्षा ही आपके परिवार की सबसे बड़ी खुशी है। सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन कर स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों की जिंदगी भी बचाएं।

TOP

You cannot copy content of this page