
25 किलो गांजा, 6 ग्राम हेरोइन, 24,200 रुपये नकद और दो कारें बरामद, कुल बरामदगी की कीमत करीब 32 लाख रुपये
सोनभद्र। जनपद में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गांजा और हेरोइन की तस्करी में संलिप्त तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 25 किलोग्राम गांजा, 6 ग्राम हेरोइन, 24,200 रुपये नकद, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारें बरामद की गई हैं। बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 नवंबर को रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान चुर्क जाने वाली सड़क पर सहिजन शराब भट्टी के सामने, ग्राम सहिजन में कार्रवाई करते हुए तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मो. उमर उर्फ बब्लु खान निवासी बहुअरा, थाना रॉबर्ट्सगंज, अंशू गिरी उर्फ गोलू निवासी परसिया, थाना पन्नूगंज और पुष्पराज यादव उर्फ श्याम निवासी जैत, थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि गांजा 25 बंडलों में रखा गया था। इसके अलावा हेरोइन की खरीद-बिक्री से बची नकदी भी बरामद हुई। तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की सिल्वर रंग की होंडा सिटी और टाटा पंच कार को नियमानुसार सीज कर दिया गया है।
इस मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा संख्या 952/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं और बीएनएस की धारा 61(2)(ए) में अभियोग दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास में मादक पदार्थों की तस्करी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान तस्करी के नेटवर्क और मादक पदार्थों के स्रोत से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
कार्रवाई में एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, रॉबर्ट्सगंज प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, चौकी प्रभारी चुर्क धर्मनारायण भार्गव, चौकी प्रभारी लोढ़ी उमाशंकर यादव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
