हत्या के मामले में 25 हजार का इनामी अभियुक्त गिरफ्तार, भांवरकोल पुलिस की कार्रवाई

गाजीपुर। भांवरकोल थाना पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को पलिया बीरपुर मोड़ से पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को श्रीकान्त यादव के पुत्र अजय यादव की मृत्यु के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना भांवरकोल में मुकदमा संख्या 140/26 दर्ज किया गया था। मामले में सूरज राजभर पुत्र हरिनरायण राजभर निवासी ग्राम बीरपुर, थाना भांवरकोल, गाजीपुर सहित 11 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।

प्रकरण में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 2 सितंबर 2026 को सूरज राजभर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 27 नवंबर 2026 को थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मुकदमे की विवेचना के क्रम में कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पलिया बीरपुर मोड़ से सूरज राजभर को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है। उसके खिलाफ थाना भांवरकोल में हत्या से संबंधित मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय सहित थाना भांवरकोल की पुलिस टीम शामिल रही।

TOP

You cannot copy content of this page