जीआरपी की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, यात्रियों की सुरक्षा में तत्काल बंद कराई गई बिजली
गोपीगंज (भदोही)। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विद्युत पोल में अचानक करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से एक कुत्ता पोल से चिपक गया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
बताया गया कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद जीआरपी पुलिसकर्मी सचिन कुमार और शमशेर यादव की नजर घटना पर पड़ी। दोनों ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए कुत्ते को विद्युत पोल से अलग कर उसकी जान बचाई। इसके बाद तत्काल स्टेशन अधीक्षक को मामले की जानकारी दी गई।
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर लगे विद्युत पोलों की बिजली तत्काल बंद करा दी गई। साथ ही संबंधित विभाग को सूचना देकर पोल में आई तकनीकी खराबी को दुरुस्त कराने की कार्रवाई शुरू कराई गई।
घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों में चर्चा रही कि यदि कुत्ते की जगह कोई यात्री करंट की चपेट में आ जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था। जीआरपी की समय रहते सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन परिसर में लगे सभी विद्युत पोलों और बिजली व्यवस्था की नियमित जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।
