
वाराणसी। महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों की रसोई का स्वाद एक बार फिर प्याज ने बिगाड़ दिया है। वाराणसी की पहाड़िया मंडी में प्याज के थोक भाव 45 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने के बाद खुदरा बाजार में इसकी कीमत करीब 60 से 65 रुपये किलो तक पहुंच गई है। अचानक बढ़े दामों ने गृहणियों का रसोई बजट बिगाड़ दिया है।
पिछले कुछ दिनों से प्याज की कीमतों में लगातार तेजी देखी जा रही है। मंडी में बढ़े भाव का सीधा असर फुटकर बाजार पर पड़ा है। सब्जी खरीदने पहुंचे लोगों का कहना है कि प्याज कभी रोजमर्रा की रसोई की सबसे सामान्य सब्जियों में शामिल था, लेकिन अब इसके दाम जेब पर भारी पड़ने लगे हैं। कई परिवार जरूरत के मुताबिक कम मात्रा में प्याज खरीदकर काम चला रहे हैं।
‘प्याज काटने से पहले ही दाम आंखों में आंसू ला रहे हैं’
महंगाई से परेशान लोगों का कहना है कि प्याज के बढ़ते दाम ने घरेलू बजट का हिसाब बिगाड़ दिया है। लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि अब प्याज काटने पर नहीं, बल्कि खरीदने से पहले ही आंखों में आंसू आ रहे हैं।
व्यापारियों के अनुसार प्याज की कीमतों में तेजी के पीछे आवक, मौसम और बाजार में मांग प्रमुख कारण हैं। मंडी में आवक और मांग के हिसाब से भाव में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। यदि आने वाले दिनों में कीमतों में गिरावट नहीं आई तो प्याज की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम परिवारों के मासिक बजट पर पड़ सकता है।
