नशे में ‘हैवान’ बना पति! पत्नी को पीटा, मासूम को जमीन पर पटका, बचाने पहुंची सास को भी जड़ा थप्पड़

सारनाथ के पैगंबरपुर पंचकोशी में सनसनीखेज मामला, पीड़िता ने पति समेत ससुरालवालों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

सारनाथ, वाराणसी। पैगंबरपुर पंचकोशी इलाके में नशे के आदी एक पति की कथित करतूत से सनसनी फैल गई। आरोप है कि शराब और गांजे के नशे में धुत पति ने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की और गुस्से में मासूम बच्चे को जमीन पर पटक दिया। बेटी और नाती को बचाने पहुंची सास को भी आरोपी ने थप्पड़ मार दिया। मकान मालकिन के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ।

पैगंबरपुर पंचकोशी निवासी बुलबुल देवी साहू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति कुलदीप यादव ऑटो रिक्शा चालक हैं। आरोप है कि वह आए दिन शराब और गांजे का सेवन कर घर लौटते हैं। नशे का विरोध करने पर पत्नी के साथ मारपीट करते हैं।

पीड़िता के मुताबिक, दोपहर में कुलदीप ने नशे की हालत में उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने उनके छोटे बच्चे को जमीन पर पटक दिया। बेटी को पिटता देख पास में रहने वाली बुलबुल की मां सरिता साहू मौके पर पहुंचीं। उन्होंने जब दामाद को समझाने का प्रयास किया तो आरोप है कि कुलदीप ने उन्हें भी थप्पड़ मार दिया। शोर सुनकर मकान मालकिन ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली।

ससुरालवालों पर भी प्रताड़ना का आरोप

बुलबुल ने अपनी सास मोनू देवी, ननद ज्योति कुमारी यादव और ससुर राजू यादव पर भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। वहीं देवर दिव्यांशु यादव पर गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद पति ने उसे जबरन घर से बाहर निकाल दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर न्यायसंगत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

TOP

You cannot copy content of this page