30 नवंबर को छह घंटे और 1 दिसंबर को 24 घंटे बंद रहेगा सड़क मार्ग, वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों से जाने की सलाह
वाराणसी। व्यासनगर और काशी रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित रेलवे पुल संख्या 09 के चौड़ीकरण कार्य के चलते पड़ाव–रामनगर सड़क मार्ग पर दो दिनों तक यातायात प्रभावित रहेगा। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 30 नवंबर और 1 दिसंबर 2026 को निर्धारित समय के दौरान इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
रेलवे पुल किलोमीटर संख्या 764/13-15 पर चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। इसके तहत आरसीसी बॉक्स की कास्टिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब पुल पर गर्डर लॉन्चिंग और अन्य तकनीकी कार्य किए जाने हैं। इन कार्यों को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से पूरा करने के लिए रेलवे प्रशासन ने 1 दिसंबर को मेगा ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, 30 नवंबर को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक कुल छह घंटे पड़ाव–रामनगर सड़क मार्ग पर यातायात बंद रहेगा। वहीं, 1 दिसंबर को पुल पर कार्य के दौरान 24 घंटे तक सड़क यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
इस दौरान दोपहिया, चारपहिया और अन्य सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रभावित होगा। रेलवे प्रशासन ने आमजन और वाहन चालकों से निर्धारित अवधि में इस मार्ग का उपयोग करने से बचने तथा अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि पुल का चौड़ीकरण रेल संरक्षा और आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्य के दौरान यातायात प्रतिबंधों का पालन कर रेलवे प्रशासन को सहयोग देने की अपील की गई है।
नोट: वाहन चालक 30 नवंबर और 1 दिसंबर को पड़ाव–रामनगर मार्ग पर निकलने से पहले अपने आवागमन की योजना बना लें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।
