हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा इलाका: सेमराधनाथ धाम से निकली 30 किमी लंबी शिवलिंग पालकी यात्रा, श्रद्धालुओं ने की पुष्पवर्षा

भदोही। सावन माह के पावन अवसर पर शुक्रवार को प्रसिद्ध सेमराधनाथ धाम से भगवान शिव के शिवलिंग की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। मंदिर परिसर से शुरू हुई यह यात्रा गांवों और बाजारों से गुजरते हुए लगभग 30 किलोमीटर का भ्रमण कर पुनः सेमराधनाथ धाम पहुंची। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया।

पालकी यात्रा शुरू होने से पहले मंदिर परिसर में प्रमुख पुजारी सूर्यकांत पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन कराया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने शिवलिंग पर माल्यार्पण कर आरती उतारी और यात्रा को रवाना किया।

डीजे और बैंड-बाजे की धुन पर हजारों श्रद्धालु नंगे पैर पालकी को कंधों पर उठाकर भक्ति भाव से आगे बढ़ते रहे। यात्रा जिस भी गांव और बाजार से गुजरी, वहां महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने भगवान शिव के मंगल गीत गाते हुए पालकी का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर आरती उतारी तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

यह भव्य यात्रा इब्राहिमपुर, कवलापुर, गोपीगंज, जंगीगंज, चंदापुर, कोईरोना, पयासीपुर, बेरवा और पहाड़पुर सहित कई गांवों और बाजारों से होकर गुजरी। जंगीगंज में पिंटू प्रधान के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पालकी पर भव्य पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान रामबली सिंह ने बताया कि सावन में निकलने वाली यह पालकी यात्रा क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जो श्रद्धालुओं में भक्ति और उत्साह का संचार करती है।

इस अवसर पर आचार्य राम प्रसाद पांडेय, प्रधान आलोक सिंह, साहब पांडेय, अजीत प्रताप सिंह, अभय राज सिंह, विनोद गिरी, अशोक सिंह, अनिल गिरी, कलेक्टर सिंह, चंदन कुमार, राहुल सिंह, विमल मिश्रा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

पालकी यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। सेमराघ चौकी प्रभारी बृजेश राय पुलिस बल के साथ पूरी यात्रा में मौजूद रहे और शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से यात्रा का संचालन कराया।

TOP

You cannot copy content of this page