
रेणुकूट/सोनभद्र। रेणुकूट के मुख्य मार्ग के किनारे नगर पंचायत सीमा से बाहर रहने वाले हजारों लोगों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में हो रही परेशानी को लेकर व्यापार मंडल ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। इस संबंध में व्यापार मंडल अध्यक्ष बृज किशोर गुप्ता ने उपजिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि नगर पंचायत रेणुकूट के परिसीमन से बाहर मुख्य सड़क के किनारे लगभग 10 से 12 हजार लोग निवास करते हैं। नगर पंचायत की सीमा से बाहर होने के कारण इन लोगों के जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाते, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं, शिक्षा, बैंकिंग और अन्य आवश्यक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि वर्षों से इस समस्या के कारण स्थानीय व्यापारी और आम नागरिक परेशान हैं। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि सरकार की मंशा के अनुरूप सरल प्रक्रिया अपनाकर क्षेत्र के पात्र लोगों के जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए जाएं, ताकि उन्हें अनावश्यक भागदौड़ और कठिनाइयों से राहत मिल सके।
उपजिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर इस समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, जिससे नगर पंचायत सीमा से बाहर रहने वाले हजारों नागरिकों और व्यापारियों को राहत मिल सके।
