वाराणसी। संत रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत मंगलवार को वाराणसी स्थित संत रविदास स्मारक से भव्य 131 कलश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में करीब 500 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर संत रविदास मंदिर तक शोभायात्रा निकाली। मंदिर पहुंचने के बाद सभी कलशों की विधिवत स्थापना की गई।
बुधवार, 29 जुलाई को इन कलशों को जनसभा स्थल पर ले जाया जाएगा, जहां शाम करीब 5 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा संत निरंजन दास कलश पूजन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद कलश देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों को सौंपे जाएंगे।
30 जुलाई को 27 राज्यों से आए प्रतिनिधि कलश लेकर अपने-अपने राज्यों के लिए रवाना होंगे। इसी के साथ प्रदेश के सभी जिलों से भी कलश संग्रह टोलियां निकलेंगी। भाजपा ने संत रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर 20 फरवरी 2027 तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू किया है।
पांच चरणों में चलेगा अभियान
प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बताया कि अभियान पांच प्रमुख चरणों में आयोजित होगा। 29 जुलाई से 10 सितंबर तक गुरु रविदास कलश वंदन अभियान राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला और मंडल स्तर तक चलेगा। वहीं 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद 5 अक्तूबर से 5 नवंबर तक गुरु रविदास समरसता यात्रा जालंधर से काशी तक निकाली जाएगी। वहीं 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान संचालित किया जाएगा।
रविदास घाट पर जलेेंगे 11 हजार दीप
अभियान के तहत ‘गुरु रविदास महाराज समरसता दीप अभियान’ भी चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत रविदास घाट पर 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। साथ ही श्री रविदास स्मारक स्थल और देशभर के संत रविदास मंदिरों के अलावा भाजपा के सभी मंडल स्तर पर भी 29 जुलाई को दीपोत्सव आयोजित होगा।
600 बसें और 500 छोटे वाहनों की व्यवस्था
कार्यक्रम में शामिल होने वाले संत-महात्माओं के लिए दो दिनों तक ठहरने और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 600 बसें, जबकि स्थानीय स्तर पर 400 बसों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आवागमन के लिए 500 ऑटो-रिक्शा और छोटे वाहन सेवा में लगाए जाएंगे।
कलश यात्रा के लिए 131 विशेष कलश तैयार किए गए हैं। कार्यक्रम में आने वाले संत-महात्माओं को 500 विशेष किट बैग वितरित किए जाएंगे। दीपोत्सव, प्रसाद वितरण और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
