विश्वनाथ गली में व्यापारियों को मिली राहत: आधार कार्ड से मिलेगा आवागमन, भीड़ कम होते ही खुलेगा मुख्य द्वार

वाराणसी। सावन माह में काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और व्यापारियों ने व्यवस्थाओं को लेकर तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को विश्वनाथ गली व्यवस्थापिक समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों की आवाजाही को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में तय किया गया कि सावन के दौरान स्थानीय व्यापारी और क्षेत्रवासी आधार कार्ड दिखाकर विश्वनाथ गली में आवागमन कर सकेंगे, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह और चौकी प्रभारी के साथ क्षेत्र की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। व्यापारियों ने बताया कि सावन में श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ के कारण उनका कारोबार प्रभावित होता है। उन्होंने मांग की कि जब भी श्रद्धालुओं की भीड़ कम हो, काशी विश्वनाथ धाम के मुख्य द्वार का मार्ग खोल दिया जाए, जिससे स्थानीय व्यापारी और क्षेत्रवासी आसानी से आवागमन कर सकें।

इस पर थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भीड़ कम होने पर मुख्य द्वार का मार्ग खोल दिया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

बैठक में व्यापारियों ने विश्वनाथ गली में दलाल के रूप में सक्रिय बाहरी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि ऐसे तत्व श्रद्धालुओं और व्यापारियों दोनों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं।

TOP

You cannot copy content of this page