कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव: खिड़की से झांका तो उड़े परिजनों के होश

मऊ । हलधरपुर थाना क्षेत्र के तरवांडीह गांव में गुरुवार शाम एक युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान तरवांडीह गांव निवासी 38 वर्षीय सुमन प्रकाश के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब पांच बजे वह नाश्ता करने के बाद अपने कमरे में आराम करने चला गया था।

काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को चिंता हुई। शाम करीब साढ़े सात बजे उन्होंने खिड़की से अंदर झांका तो सुमन प्रकाश का शव पंखे के हुक से फंदे के सहारे लटका दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही हलधरपुर थाना प्रभारी भगवान राम पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष भगवान राम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

TOP

You cannot copy content of this page