
सोनभद्र। जनपद में सोन पंप कैनाल के माध्यम से होने वाली पेयजल आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति या वोल्टेज संबंधी किसी भी तकनीकी समस्या के कारण पेयजल व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोन पंप कैनाल से जुड़े सभी पंपों के सुचारु संचालन के लिए वोल्टेज और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन तक समय पर पेयजल पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान डीएम ने कहा कि यदि किसी प्रकार की तकनीकी बाधा सामने आती है तो संबंधित विभाग तत्काल समन्वय स्थापित कर उसका निस्तारण करें, ताकि जलापूर्ति में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को हर स्थिति में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि नहरों का संचालन निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से किया जाए, जिससे सिंचाई व्यवस्था के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित न हो। उन्होंने विद्युत एवं सिंचाई विभाग को आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
बैठक में विद्युत विभाग एवं सिंचाई विभाग के समस्त अधिशासी अभियंता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। डीएम ने स्पष्ट किया कि पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
