“कांवड़ियों की सुरक्षा पर वाराणसी पुलिस अलर्ट: मडुवाड़ीह चौराहे पर डीसीपी ने संभाला मोर्चा, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा”

वाराणसी। सावन माह में कांवड़ यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में शुक्रवार की शाम मडुवाड़ीह क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार, एडीसीपी लिपि नागायच, एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा, मडुवाड़ीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा तथा क्राइम इंस्पेक्टर विद्यासागर शुक्ला ने मडुवाड़ीह चौराहे सहित कांवड़ मार्ग के प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल की तैनाती और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित आवाजाही और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। वाराणसी पुलिस का लक्ष्य है कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में अपनी आस्था की यात्रा पूरी कर सकें।

TOP

You cannot copy content of this page