सोनभद्र: गैर-इरादतन हत्या के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बाइक की चाबी बरामद

सोनभद्र। जनपद की पिपरी थाना पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी (आलाकत्ल) भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे के नेतृत्व में यह सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को चौकी प्रभारी रेनुकूट उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर रेलवे रेनुकूट स्थित वरिष्ठ अनुभाग अभियंता रेलपथ कार्यालय की बाउंड्री के पीछे पाइपलाइन मार्ग के पास से तीनों आरोपियों को सुबह करीब 11:05 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि 26 जुलाई की रात करीब नौ बजे रेनुकूट बस स्टैंड स्थित एक पान की दुकान के पास संदीप पाल और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान आरोपियों ने संदीप के साथ मारपीट की। इसी दौरान विशाल सिंह उर्फ बिट्टू ने अपनी टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी से संदीप की दाहिनी आंख और कान के बीच वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल संदीप को उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर थाना पिपरी में गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी भी बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपी अजय पाण्डेय, वीर प्रताप सिंह उर्फ वीरू तथा विशाल सिंह उर्फ बिट्टू हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

TOP

You cannot copy content of this page