घोड़ा बांधने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे से हमला; 2 घायल

सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के कोंगा गांव में गुरुवार सुबह खेत में घोड़ा बांधने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते पुरानी जमीनी रंजिश में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी चली, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बभनी में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे खेत में घोड़ा बांधने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ते ही दोनों आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया।

हमले में एक पक्ष के 55 वर्षीय बृजेश्वर पुत्र बलवीर और दूसरे पक्ष के नंदू गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि प्रेमचंद, नंदू, दिनेश और शोभनाथ, सभी निवासी कोंगा, ने मिलकर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला किया।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग कराया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बभनी भेजा। इसके साथ ही दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी गई है।

प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि खेत में घोड़ा बांधने और पुराने जमीनी विवाद को लेकर मारपीट की सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

TOP

You cannot copy content of this page