वाराणसी। सारनाथ पुलिस ने गैंगरेप के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था, लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना पर उसे तिब्बती यूनिवर्सिटी के पास एक अंडे की दुकान पर अंडा खाते समय दबोच लिया गया।
थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि 18 जुलाई को चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रजवाड़ी निवासी लक्ष्मी सिंह ने सारनाथ थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसे एक कमरे में बंद कर मारपीट की गई और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया गया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
लगातार की जा रही छानबीन और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तिब्बती यूनिवर्सिटी के बगल स्थित कपड़े की दुकान के पास अंडे की दुकान पर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने आरोपी आशीष कुमार सिंह (37), पुत्र स्वर्गीय अरविंद कुमार सिंह, निवासी प्रताप नगर कॉलोनी, मवैया, थाना सारनाथ को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 70(1), 115(2) और 127(2) के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा
