बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक किसान ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तेंदुए के हमले से अपनी जान बचा ली। मोतीपुर वन रेंज के परवानी गौढ़ी गांव में गुरुवार सुबह फसल की रखवाली करने गए किसान पर झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। किसान ने घबराने के बजाय तेंदुए का डटकर मुकाबला किया और शोर मचाकर उसे जंगल की ओर भागने पर मजबूर कर दिया।
परवानी गौढ़ी गांव निवासी पुजारी (48) पुत्र जंगली गुरुवार सुबह करीब छह बजे अपने खेत की निगरानी के लिए पहुंचे थे। जैसे ही वह खेत के पास पहुंचे, झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने उन पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुए हमले से किसान कुछ पल के लिए सहम गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। उसने तेंदुए से संघर्ष करते हुए लगातार शोर मचाया, जिससे तेंदुआ पीछे हट गया और जंगल की ओर भाग निकला।
हमले में किसान के हाथ में चोट आई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किसान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मोतीपुर पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी के.के. सिंह वनकर्मियों के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल किसान से घटना की जानकारी ली और वन विभाग की ओर से तत्काल एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही वन विभाग की टीम ने आसपास के इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।
