आजमगढ़ में डीजल टैंकर हादसा: तेज धमाके के बाद लगी आग, तीन लोगों की मौके पर मौत

आजमगढ़ । उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें डीजल से भरे टैंकर में भीषण आग लगने से तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर से डीजल लेकर बिलरियागंज थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप की ओर जा रहा टैंकर जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मालटारी-मिर्जापुर स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि पोल पर लगा ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया और कुछ ही क्षणों बाद जोरदार धमाके के साथ टैंकर में आग लग गई।

आग ने देखते ही देखते पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी टैंकर के करीब नहीं पहुंच सके।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए छह दमकल गाड़ियों को लगाया गया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में मेहनगर थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी 26 वर्षीय प्रदीप कुमार भी शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

TOP

You cannot copy content of this page