मानसून हुआ मेहरबान, यूपी के 40 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में सावन की शुरुआत अच्छी बारिश के साथ हुई है। सोमवार को तराई, पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 80.2 मिमी बारिश सीतापुर में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा प्रयागराज में 63 मिमी, कानपुर में 62.9 मिमी, मिर्जापुर में 56 मिमी और सहारनपुर में 42 मिमी वर्षा हुई।

लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा, जिससे बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 4 से 6 अगस्त के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। इसी को देखते हुए मंगलवार के लिए 40 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 56 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर न जाने और गरज-चमक के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

TOP

You cannot copy content of this page