आगरा । कैंट रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब चेन्नई से नई दिल्ली जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी से एक संदिग्ध ट्रॉली बैग बरामद हुआ। बैग के अंदर से सड़े-गले मानव अंग मिलने के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने 139 हेल्पलाइन पर सूचना दी थी कि जनरल कोच में रखे एक ट्रॉली बैग से बदबू आ रही है और उसमें से तरल पदार्थ निकल रहा है। सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी अलर्ट हुई। आगरा कैंट स्टेशन पहुंचने पर टीम ने बैग को कब्जे में लेकर जांच की, जिसमें मानव अंग मिलने की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार, बैग में मिले अंग काफी गल चुके हैं और काले पड़ गए हैं। उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बैग पर चेन्नई का रैपर मिला है, जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
जीआरपी के सीओ राजेश दीक्षित ने बताया कि ट्रेन के ग्वालियर पहुंचने से पहले ही सूचना मिली थी, लेकिन वहां जांच नहीं हो सकी। इसके बाद आगरा कैंट स्टेशन पर टीम ने बैग को बरामद किया। फिलहाल पुलिस हत्या, शव को ठिकाने लगाने या अन्य संभावनाओं समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
मामले की गहराई से जांच के लिए पुलिस की संयुक्त टीम चेन्नई भेजने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और मृतक की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।
