महराजगंज। जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में जायदाद के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गुरुवार देर रात बहू ने अपने 70 वर्षीय ससुर की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी महिला ने खुद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोनबरसा गांव निवासी सच्चाराम गुप्ता (70) का अपनी बड़ी बहू शोभा गुप्ता से जायदाद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इस विवाद के चलते दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी और बहू पहले भी ससुर को जान से मारने की धमकी दे चुकी थी।
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे सच्चाराम गुप्ता का शव घर के बगल में खून से लथपथ पड़ा मिला। घटना की सूचना खुद आरोपी बहू ने पुलिस को दी, जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही फरेंदा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम सबूत एकत्र किए।
मृतक की छोटी बहू सुनीता गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर बड़ी बहू शोभा गुप्ता पर जायदाद के विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
