लोहता(वाराणसी) काशीवार्ता। लोहता थाना क्षेत्र के बिट्ठलपुर गांव स्थित हिन्दी कवि सुदामा पांडे धूमिल की खंडित प्रतिमा के पास आज एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुनील सिंह, एसडीएम राजातालाब के साथ कई साहित्यकार और इतिहासकार भी उपस्थित रहे। एमएलसी धर्मेंद्र सिंह ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा, यहां सिर्फ मूर्ति की मरम्मत ही नहीं होगी, बल्कि धूमिल जी के नाम से पार्क और वाचनालय का निर्माण भी करवाया जाएगा। उन्होंने कहा, इस निर्माण कार्य को वे अपने विधायक निधि से करवाएंगे। साथ ही खंडित मूर्ति को तत्काल प्रभाव से ठीक करवाया जाएगा। इसके लिए वे डीएम से बात कर सभी आर्थिक खर्च स्वयं वहन करेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित जिला पंचायत सदस्य सुनील सिंह ने भी इस पहल का समर्थन किया और कहा कि धूमिल जी की विरासत को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।स्थानीय साहित्यकारों और ग्रामीणों ने इस घोषणा का स्वागत किया। उनका कहना है कि धूमिल जी जैसे जनकवि की स्मृति को इस तरह सहेजना युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगा।
बनारस में धूमिल जी की खंडित प्रतिमा ही नहीं, पार्क व वाचनालय भी बनेगा
