होता है करोड़ों का कारोबार
सिगरा, आदमपुर, जैतपुर, भेलूपुर आदि थाना क्षेत्र में रोज सजाती हैं मंडी
कहीं निक्की तो कहीं कल्लू चला रहा अड्डा
विशेष प्रतिनिधि
वाराणसी(काशीवार्ता)। धर्म अध्यात्म व शिक्षा की राजधानी काशी में दूर दराज से लाखों पर्यटक शहर की प्राचीनता और आध्यात्मिक शांति वह मोक्ष की तलाश में आते हैं। यहां की सराफा, बनारसी साड़ियों व लकड़ी के खिलौने की मंडी प्रसिद्ध है, लेकिन हाल में वर्षों में एक और मंडी तेजी से विकसित हुई, वह है जुए की मंडी।
पिछले दिनों मिंट हाउस नदेसर क्षेत्र में काशीराज परिवार के स्वामित्व वाले एक आलीशान हवेली में छापेमारी के दौरान इस मंडी की एक बंदगी देखने को मिली। छापेमारी में अन्य सामानों के अलावा नोट गिनने की तीन मशीन भी मिली। इससे इस धंधे की व्यापकता का पता चलता है। यह तो सिर्फ एक नमूना भर है, हकीकत तो यह है कि अब शहर का कोई कोना अछूता नहीं बचा है। काशीवार्ता को सूत्रों से भेलूपुर, आदमपुर, सिगरा, जैतपुर आदि थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चल रहे जुए के अड्डों व उसके संचालकों का पता चला है।
जानकारी के अनुसार जैतपुरा में निक्की जायसवाल नामक व्यक्ति बड़े पैमाने पर जुए का अड्डा चलता है। यह अड्डे बंगाली दादा का मकान, गाजी मियां मजार के आगे की गली, मनहर का खंडहर, एक मैरिज लॉन में बड़े पैमाने पर चल रहे हैं। इसी तरह आदमपुर थाना क्षेत्र में मुकीमगंज स्थित एक अति सुरक्षित भवन में रोजाना जुए की फड़ सजाई जाती है। जहां दर्जनों लोग जुड़ते हैं, इसी तरह सिगरा थाना क्षेत्र में रथयात्रा जैसे व्यस्त इलाकों में अनूप जायसवाल, रोशन जायसवाल, सिंधी और शमशेर पटेल नामक द्वारा रोज जुए की मंडी सजाई जाती है। यहां के बड़े-बड़े रसूखदार लोग जुटते हैं और होता है लाखों का कारोबार। इसी प्रकार लंका में एक जुए के अड्डे का संचालन अनिल यादव उर्फ कल्लू सरदार नामक व्यक्ति द्वारा किया जाता है। भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवां पुलिस चौकी के तहत दो मंजिला एक मकान में जुए का डेन संचालित होने की जानकारी प्राप्त हुई है। ऐसा नहीं है कि इन जुओं के अड्डों की पुलिस को जानकारी नहीं है। भरपूर जानकारी होती है। पिछले दिनों मिनट हाउस पर छापे के दौरान कैंट पुलिस की संलिप्त सामने आने के बाद नदेसर चौकी इंचार्ज व एक दरोगा को निलंबित किया गया, जबकि काशीवार्ता ने सिलसिलेवार ढंग से इस अड्डे की रिपोर्ट में तस्वीर प्रकाशित की थी।
निक्की जायसवाल के ऊपर कई मुकदमे
जैतपुरा थाना क्षेत्र में जुए का अड्डा चलाने वाले निक्की जायसवाल के ऊपर कई मुकदमे दर्ज हैं। थाना अध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने बताया की जानकारी मिलने पर निक्की के कई किसानों पर दबीश दी गई व मुकदमा दर्ज किया गया। फिलहाल वह पुलिस की पकड़ से बाहर है
