वाराणसी। सावन माह में काशी विश्वनाथ मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा मार्कंडेय महादेव, शूल टंकेश्वर समेत अन्य प्रमुख शिवालयों पर भी स्वास्थ्य टीमें श्रद्धालुओं को आकस्मिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि काशी विश्वनाथ मंदिर सहित सभी प्रमुख शिवालयों पर स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। मंदिर परिसर के बाहर एंबुलेंस भी तैनात रहेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके।
उन्होंने बताया कि गंभीर स्थिति होने पर मरीजों को मंडलीय अस्पताल रेफर किया जाएगा। सावन माह के दौरान मंडलीय अस्पताल को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। इमरजेंसी वार्ड में बेड आरक्षित किए गए हैं और जांच व उपचार की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि आयुर्वेदिक स्वास्थ्य टीमों को भी सक्रिय किया गया है। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को आवश्यक दवाओं के साथ प्रमुख शिवालयों पर तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
