
प्रिंस गुप्ता काशीवार्ता, भदोही
भदोही नगर पालिका के समीप रेलवे फाटक के पास शुक्रवार को कूड़े के ढेर में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। घटना से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कूड़ा जलाए जाने के दौरान आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा और सूखे कचरे के कारण आग तेजी से फैलने लगी। हालात बिगड़ते देख लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझाए जाने से आसपास की दुकानों और अन्य संपत्तियों को नुकसान होने से बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी और कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन ने लोगों से खुले स्थानों पर कूड़ा न जलाने और सतर्कता बरतने की अपील की है। वहीं स्थानीय नागरिकों ने नगर क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था और कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
