
कृष्णा सिंह
वाराणसी के वार्ड नंबर 23 स्थित सिर क्षेत्र में सीवर पाइप लाइन बिछाने के नाम पर दिसंबर माह में खोदी गई गलियों की हालत आज भी बदहाल बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग ने गलियों को खोदकर केवल सीवर पाइप डाल दिया, लेकिन उसके बाद मरम्मत कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। करीब चार महीने बीत जाने के बावजूद गलियों में अब भी रोड़े, गिट्टी और मलबा फैला हुआ है, जिससे लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों और क्षेत्रीय पार्षद को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। खराब सड़कों और उखड़ी गलियों के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है।
शादी-विवाह के सीजन में हालात और भी खराब हो गए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि मेहमानों और बारातियों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। विभाग की उदासीनता से नाराज लोगों ने अब खुद चंदा इकट्ठा कर गलियों की मरम्मत कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया कि यदि विभाग के पास बजट या संसाधन नहीं थे, तो सही-सलामत गलियों को तोड़ा ही क्यों गया। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द अधूरा कार्य पूरा कर गलियों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
