तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा लालपुर स्थित देवा महाविद्यालय स्कूल के सामने सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।

सूत्रों के अनुसार दोनों युवक आपस में भाई बताए जा रहे हैं और चोलापुर क्षेत्र के निवासी हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के पीछे बैठे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे युवक के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंचे फैंटम दस्ता 53 के पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रैक्टर और चालक की जल्द पहचान हो सकती है।

TOP

You cannot copy content of this page