
संवाददाता, काशीवार्ता भदोही
सुरियावां। थाना क्षेत्र के खरगपुर गांव निवासी बीएससी छात्र सचिन यादव (17) की सड़क हादसे में घायल होने के बाद शनिवार को वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्र की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सुरियावां-ज्ञानपुर मार्ग पर खरगपुर नहर के पास चक्का जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
बताया गया कि 4 मई को सचिन यादव सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पहले उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में हालत गंभीर होने पर वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शव गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। परिजनों के विलाप से हर आंख नम हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम समाप्त कराया। इस दौरान कुछ समय तक क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
मृतक सचिन यादव, बड़े लाल यादव का पुत्र था। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। ग्रामीणों के अनुसार सचिन पढ़ाई में काफी होनहार था और बीएससी की पढ़ाई कर रहा था।
मामले में मृतक के पिता बड़े लाल यादव की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चालक लवकुश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
