8 राउंड फायरिंग और खतरनाक स्टंट से मचा हड़कंप
रीवा (मध्य प्रदेश)। सोशल मीडिया पर रील बनाकर दहशत फैलाने और कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर ‘राज उर्फ रॉक’ नाम से जुड़े एक संदिग्ध युवक का अवैध कट्टा लहराते हुए वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक बेखौफ अंदाज में धमकी देता सुनाई दे रहा है, “बात-बात में कट्टा चल जाता है रीवा शहर में।”
वायरल वीडियो में आरोपी कथित तौर पर अवैध हथियार का प्रदर्शन करते हुए नजर आ रहा है। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से 8 राउंड हवाई फायरिंग का दावा करने वाला वीडियो भी सामने आया है। इसके अलावा व्यस्त सड़क पर चलती बाइक के ऊपर खड़े होकर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो भी वायरल हुआ है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वीडियो में दिखाई देने वाला युवक करहिया क्षेत्र का ‘राज उर्फ रॉक’ हो सकता है। मामला सामने आते ही रीवा पुलिस और साइबर सेल सक्रिय हो गई है। टीम सोशल मीडिया अकाउंट, आईपी एड्रेस, वीडियो की टाइमिंग और लोकेशन की तकनीकी जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा के एसपी गुरकरण सिंह ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया पर गुंडागर्दी, अवैध हथियारों का प्रदर्शन और कानून को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष चेकिंग अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
