प्रयागराज । पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी गांव में अंतिम संस्कार में शामिल होने गए 17 वर्षीय किशोर की गंगा में डूबने से मौत हो गई। दाह संस्कार के बाद गंगा स्नान के दौरान वह तेज बहाव की चपेट में आ गया था। करीब 18 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गुरुवार दोपहर उसका शव घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर गंगा से बरामद किया गया।
यह हादसा फतेहपुर घाट पर हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाद में एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर काफी देर तक किशोर की तलाश की।
पुलिस के अनुसार, मनौरी गांव की धरीकर बस्ती निवासी कल्लू के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग फतेहपुर घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोग गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान दिनेश धरीकर का 17 वर्षीय बेटा शेखर उर्फ पेटू गंगा के कटान वाले हिस्से में बने नाले के तेज बहाव में फंस गया और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया।
हादसे के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने जाल डालकर किशोर को तलाशने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने भी ग्रामीणों के साथ मिलकर देर शाम तक खोज अभियान चलाया, हालांकि सफलता नहीं मिली।
गुरुवार सुबह पुलिस ने दोबारा तलाश शुरू कराई और एसडीआरएफ की टीम को अभियान में लगाया गया। करीब 18 घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 12 बजे किशोर का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर गंगा के बीच से बरामद हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुरामुफ्ती थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
किशोर की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे मनौरी गांव में शोक का माहौल है।
