जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के इटहरा बाईपास पर रायबरेली-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बाइक और स्कूटी की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के कारण हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान आधार कार्ड और मोबाइल फोन के जरिए की गई।
पुलिस के मुताबिक, प्रतापगढ़ जिले के फतनपुर थाना क्षेत्र के रोहखुर्द मदरा गांव निवासी किशन बिंद (22) पुत्र रामसिंह बिंद और रमेश बिंद (25) पुत्र राजबली बिंद बुधवार रात बाइक से मुंगराबादशाहपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब नौ बजे इटहरा बाईपास के पास सामने से आ रही स्कूटी से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, स्कूटी सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
