
जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ प्रशासनिक समन्वय समिति एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में बरसात, श्रावण मास में आयोजित कांवड़ यात्रा और जिले में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की तैयारियों का विस्तार से जायजा लिया गया।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुविधा से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। लोक निर्माण विभाग को बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने और आवागमन सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
नगर निकायों को जलभराव की समस्या रोकने के लिए नालों और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, संचारी रोगों की रोकथाम के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव तेज करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पर्याप्त पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध रहें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक के अंत में ए.के. शर्मा ने दोहराया कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करते हुए जनहित के सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
