
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर कमिश्नरेट पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा और कार्यक्रम के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम तथा जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संत रविदास मंदिर, सीरगोवर्धन पहुंचकर कार्यक्रम स्थल, वीआईपी रूट, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अभेद्य बनाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर मजबूत बैरिकेडिंग की जाएगी, जबकि सभी प्रवेश द्वारों पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और बैगेज स्कैनर लगाए जाएंगे। प्रत्येक आगंतुक की सघन जांच और फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश की अनुमति होगी। महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अलग इनक्लोजर और महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से लेकर पूरे वीआईपी रूट तक ड्रोन कैमरों और हाई-रिजॉल्यूशन CCTV कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही होटल, धर्मशालाओं, लॉज और अन्य ठहराव स्थलों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर वहां ठहरे लोगों का सत्यापन भी कराया जाएगा।
अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध संचालन और आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे वाराणसी में सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
