कांवड़ यात्रा पर सीएम योगी का सख्त एक्शन, मांस-मदिरा की दुकानें बंद, ओवररेटिंग और मिलावट पर जीरो टॉलरेंस

लखनऊ। कांवड़ यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और आस्था के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पूरी तरह सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा मार्ग पर क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, नियमित साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, अस्थायी शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध रहें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सीएम योगी ने सख्त निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और मदिरा की सभी दुकानें बंद रखी जाएं। साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट, गंदगी और ओवररेटिंग पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी दुकान पर उपभोक्ताओं से मनमानी वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि यात्रा मार्ग पर संचालित प्रत्येक दुकान पर संचालक का नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए। इसके अलावा डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाए, ताकि कानून व्यवस्था और आमजन को कोई परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कांवड़ यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

TOP

You cannot copy content of this page