
वाराणसी। मंडुवाडीह क्षेत्र के शिवदासपुर नई बस्ती में सीवर व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। प्लॉट नंबर 413 के पास कब्रिस्तान से सटी गली में लंबे समय से सीवर लाइन नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी सीधे सड़क पर बह रहा है। इससे पूरी गली में जलभराव, गंदगी और बदबू का माहौल बना हुआ है, जिससे क्षेत्रवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लगातार गंदा पानी जमा रहने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का आवागमन मुश्किल हो गया है। कई बच्चे फिसलकर गिर चुके हैं और हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वहीं गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।
क्षेत्र के निवासी जयप्रकाश मौर्य ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर दिलाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने नगर निगम से तत्काल सीवर लाइन बिछाकर गंदे पानी की स्थायी निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है।
इस मुद्दे पर उत्तर प्रदेश ऑटो रिक्शा थ्री-व्हीलर चालक यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर सिंह ने कहा कि सीवर जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गया है। उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभाग से तत्काल संज्ञान लेकर सीवर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जनहित में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। स्थानीय लोगों को अब नगर निगम की कार्रवाई का इंतजार है।
