वाराणसी -(काशीवार्ता)-कैंट थाना क्षेत्र के मिंट हाउस तिराहे के पास जुआ संचालन के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने इस मामले में नदेसर चौकी प्रभारी सुमित पांडेय, हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक लल्लन यादव और मुख्य आरक्षी शनि विश्वकर्मा को निलंबित कर दिया है। सीपी ने स्वयं संज्ञान लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। डीसीपी प्रमोद कुमार ने सोमवार रात फोर्स के साथ छापेमारी की तो चार जुआरी पकड़े गए। मौके से 21 हजार रुपये, नोट गिनने की तीन मशीनें, 52 ताश के पत्ते और 10 गड्डी नए ताश बरामद हुए। कैंट पुलिस ने जुआ अधिनियम की धारा 13 में केस दर्ज किया है।जांच में सामने आया कि लंबे समय से अवैध जुआ चल रहा था और स्थानीय पुलिस ने न तो कार्रवाई की न ही सूचना दी। कैंट थाना प्रभारी की भूमिका की भी अलग से जांच हो रही है। पुलिस आयुक्त ने जीरो टॉलरेंस की बात कही है। सरगना राजा बाबू की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
