गोरखपुर । गुरुवार सुबह तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे शास्त्री चौक के पास हुआ। टक्कर के बाद बस का पहिया युवक के हाथ पर चढ़ गया, जिससे उसका हाथ और मोबाइल फोन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और युवक की शिनाख्त करने में जुटी हुई है।
सड़क किनारे पैदल जा रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, युवक शास्त्री चौक के पास सड़क किनारे पैदल जा रहा था। इसी दौरान गोरखपुर डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर गया और बस का पहिया उसके हाथ पर चढ़ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सीसीटीवी फुटेज से बस की तलाश
पुलिस हादसे में शामिल बस और चालक की पहचान करने के लिए शास्त्री चौक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मृतक की पहचान के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
कुछ समय के लिए बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद शास्त्री चौक पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने चौराहे पर नियमित ट्रैफिक व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
