शादी के नाम पर बिछाया ठगी का जाल! दुल्हन बन की साजिश, 1.10 लाख ऐंठकर फरार, दो महिलाएं गिरफ्तार

देवरिया। शादी कराने के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक कथित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए भलुअनी पुलिस ने रविवार को दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, हरियाणा के सोनीपत निवासी रविंद्र ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 जुलाई को तरकुलहा स्थित एक मैरेज हॉल में उसकी शादी कराई गई। आरोप है कि इस पूरी साजिश को मीना देवी और गीता देवी ने अंजाम दिया। शादी के बाद कथित दुल्हन और उससे जुड़े लोगों ने रविंद्र को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और उससे 1.10 लाख रुपये वसूल लिए। रुपये लेने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर भलुअनी थाने में दोनों महिलाओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए करमटार शेरखां गांव के पास से दोनों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 40 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला संगठित ठगी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपितों ने इस तरह की वारदात पहले भी कहीं अंजाम दी है या नहीं। पुलिस ने लोगों से शादी तय करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

TOP

You cannot copy content of this page