वाराणसी नगर निगम में फिर कायम हुआ नरसिंह दास का दबदबा, चौथी बार बने निर्विरोध उपसभापति

वाराणसी। नगर निगम वाराणसी की कार्यकारिणी की बैठक में सोमवार को दशाश्वमेध वार्ड संख्या 96 के पार्षद नरसिंह दास चौथी बार निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित हुए। सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति बनी और सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने मेज थपथपाकर समर्थन जताया।

उपसभापति पद के लिए महापौर ने जैसे ही प्रस्ताव आमंत्रित किए, सरायनंदन वार्ड संख्या 28 के पार्षद मदन मोहन तिवारी ने नरसिंह दास के नाम का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव का सभी सदस्यों ने एकमत से अनुमोदन किया, जिसके बाद महापौर ने उन्हें निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित घोषित कर दिया।

नरसिंह दास इससे पहले जुलाई 2018, दिसंबर 2020 और जुलाई 2024 में भी उपसभापति का दायित्व निभा चुके हैं। लगातार चौथी बार इस पद पर निर्विरोध चुने जाने को नगर निगम की राजनीति में उनकी मजबूत स्वीकार्यता और अनुभव का प्रमाण माना जा रहा है।

निर्वाचन के बाद नरसिंह दास ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकारिणी के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चौथी बार मिली यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जवाबदेही भी है। उन्होंने कहा कि वह सभी पार्षदों को साथ लेकर निष्पक्ष और ईमानदारी से कार्य करेंगे तथा शहर की जनसमस्याओं का त्वरित समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

बैठक का संचालन संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद ने किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण राय, मदन मोहन तिवारी, अशोक मौर्य, माधुरी सिंह, सुशीला, इंद्रारानी, राजकपूर चौधरी, गोविंद प्रसाद सिंह, संजय कुमार केशरी, बलराम कन्नौजिया, संदीप रघुवंशी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

TOP

You cannot copy content of this page