
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अजय राय ने पार्टी नेतृत्व और राहुल गांधी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने उन जैसे एक साधारण कार्यकर्ता को चुनाव लड़ने का अवसर दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव मैदान में उतारा।
अजय राय ने कहा कि पार्टी ने उन्हें लगातार संगठन और चुनावी राजनीति में जिम्मेदारियां दीं, जिसके लिए वह नेतृत्व के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें जो भी दायित्व दिया, उसे उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास किया।
नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में आराधना मिश्रा ‘मोना’ की नियुक्ति पर अजय राय ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी। अजय राय ने कहा कि वह आगे भी कांग्रेस के एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए काम करते रहेंगे।
